देहरादून। प्रवासी उत्तराखण्डियों को राज्य के विकास से जोड़ने और उनके अनुभवों का लाभ लेने के उद्देश्य से प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन-2026 की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में सम्मेलन की तैयारियों के लिए गठित समिति की बैठक हुई। इसमें आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप, युवा-केंद्रित और नवाचारपूर्ण बनाने पर जोर दिया गया।

प्रवासी उत्तराखण्डियों की सहभागिता पर रहेगा विशेष जोर

बैठक में प्रमुख सचिव ने देश के विभिन्न राज्यों और शहरों में रहकर अलग-अलग क्षेत्रों में कार्य कर रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों को चिह्नित कर सम्मेलन में आमंत्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सम्मेलन के माध्यम से प्रवासियों के साथ सार्थक संवाद स्थापित किया जाए, ताकि राज्य के विकास में उनके अनुभवों, सुझावों और योगदान का लाभ लिया जा सके।

उन्होंने आयोजन को विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

दून विश्वविद्यालय में होगा सम्मेलन

बैठक में जानकारी दी गई कि तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी दिवस के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। सम्मेलन का आयोजन देहरादून स्थित दून विश्वविद्यालय के नित्यानंद ऑडिटोरियम में किया जाएगा।

प्रमुख सचिव ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सम्मेलन की विस्तृत रूपरेखा अंतिम रूप से तैयार करने और तैयारियों की प्रगति के संबंध में तीन से चार दिन के भीतर अपडेट देने के निर्देश दिए।

मीडिया और सोशल मीडिया से होगा प्रचार

सम्मेलन के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए मीडिया, विज्ञापन, होर्डिंग्स और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रभावी अभियान चलाने को कहा गया। इसके साथ ही आमंत्रित अतिथियों की पहचान कर उनके आवागमन, परिवहन, वाहनों, ठहरने और भोजन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

प्रमुख सचिव ने उद्घाटन सत्र, विभिन्न विषयगत सत्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जुड़ी तैयारियां भी समयबद्ध तरीके से पूरी करने को कहा।

विकास योजनाओं पर आधारित लघु फिल्में दिखाई जाएंगी

सम्मेलन स्थल पर साफ-सफाई, पहुंच मार्गों की व्यवस्था और परिवहन को सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। आयोजन के दौरान राज्य सरकार के विकास कार्यों, विभिन्न योजनाओं और नीतियों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रसारण किया जाएगा। इससे प्रवासी उत्तराखण्डियों को राज्य में संचालित विकास कार्यों और विभिन्न क्षेत्रों में हो रही पहलों की जानकारी मिल सकेगी।

प्रमुख सचिव ने सभी संबंधित विभागों को पत्र भेजकर आपसी समन्वय के साथ आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में सचिव शैलेश बगोली, विनोद कुमार सुमन, सी. रविशंकर और राजेंद्र कुमार, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, मुख्य विकास अधिकारी देहरादून अभिनव शाह, उत्तराखण्ड प्रवासी प्रकोष्ठ के सदस्य सुधीर चन्द्र नौटियाल और उपनिदेशक सूचना बद्री चंद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 Adhunik Duniya | Owned by Akash Singh | Maintained by Lalit Rastogi