सितारगंज। ऊधमसिंहनगर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत सितारगंज कोतवाली पुलिस ने स्मैक तस्करी के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों के कब्जे से कुल 24.53 ग्राम शुद्ध स्मैक (हेरोइन), 3,370 रुपये नकद और नशे की पुड़िया बनाने व रखने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई है।

पुलिस को देखकर भागने लगे संदिग्ध

पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर 2026 को टीम शांति व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम पूर्वी उकरौली मंदिर से करीब 200 मीटर आगे एक झोपड़ी के पास पहुंची। पुलिस को देखकर वहां मौजूद कुछ लोग भागने लगे। टीम ने पीछा कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया और एक विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया।

आरोपी के पास से 16.46 ग्राम, किशोर से 8.07 ग्राम स्मैक बरामद

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी प्रीतम सिंह की तलाशी में पारदर्शी पन्नी से 16.46 ग्राम शुद्ध स्मैक बरामद हुई। वहीं, विधि विवादित किशोर के कब्जे से 8.07 ग्राम शुद्ध स्मैक मिली। इस तरह कुल बरामदगी 24.53 ग्राम रही।

इसके अलावा दोनों के कब्जे से कुल 3,370 रुपये नकद, एल्युमिनियम फॉइल पेपर के टुकड़े और स्मैक रखने में इस्तेमाल होने वाली पारदर्शी पन्नियां बरामद की गईं। पुलिस ने मादक पदार्थ और अन्य सामग्री को नियमानुसार कब्जे में लेकर सीलबंद कर दिया।

सीमावर्ती क्षेत्रों में खरीद-फरोख्त करने की बात

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में प्रीतम सिंह ने उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में स्मैक की खरीद-फरोख्त करने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी छोटी-छोटी पुड़ियों में स्मैक बेचकर मुनाफा कमाता था। अब पुलिस कथित सप्लायरों और इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

पुलिस ने बताया कि मामले में सितारगंज कोतवाली में मुकदमा संख्या 0517/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21 में अभियोग दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रीतम सिंह पुत्र ज्ञान सिंह, निवासी पूर्वी उकरौली, थाना सितारगंज, जनपद ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में की गई। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुन्दरम शर्मा, उपनिरीक्षक जगत सिंह शाही, उपनिरीक्षक जगदीश तिवारी, हेड कांस्टेबल मतलूब खान, हेड कांस्टेबल नवनीत कुमार, कांस्टेबल अर्जुन ननगन्याल, सुनील कुमार, कपिल कुमार, महिला कांस्टेबल ज्योति शर्मा और नीलम बर्गली शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 Adhunik Duniya | Owned by Akash Singh | Maintained by Lalit Rastogi