पीलीभीत। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की बीसलपुर नगर इकाई की सत्र 2026-27 की नवीन कार्यकारिणी का पुनर्गठन सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बीसलपुर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित चुनाव अधिकारी एवं विभाग संयोजक योगेंद्र मिश्रा ने सर्वसम्मति से नवीन कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की। नवगठित कार्यकारिणी में सतीश चंद्र दीक्षित को नगर अध्यक्ष तथा प्रखर अवस्थी को नगर मंत्री का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता जिला संगठन मंत्री रौनक पाल ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मात्र एक छात्र संगठन नहीं, अपितु विद्यार्थियों में व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रहित की भावना को सुदृढ़ करने वाला एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने दायित्व को केवल पद न मानकर सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का माध्यम समझे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विद्यालयीय एवं महाविद्यालयीय स्तर पर छात्र-छात्राओं की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु निरंतर सक्रिय रहने और संगठन के रचनात्मक विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
घोषित नवीन कार्यकारिणी में सीमा कुमारी, अजीत सिंह एवं अमित मिश्रा को नगर उपाध्यक्ष तथा आकर्षक गंगवार, विभु प्रकाश, अभिषेक गंगवार एवं पिंटू कुमार को नगर सह मंत्री का प्रभार सौंपा गया है। विभिन्न संगठनात्मक आयामों के अंतर्गत दीपांशु को एसएफएस संयोजक व अभिनव कुमार को सह संयोजक, शिवम को एसएफडी संयोजक व प्रियांशु को सह संयोजक, अरुण दीक्षित को सोशल मीडिया संयोजक व संजय शर्मा को सह संयोजक, आकांक्षा रस्तोगी को राष्ट्रीय कला मंच संयोजक, अरुण गंगवार को खेलो भारत संयोजक व लवप्रीत सिंह को सह संयोजक, अनुज गंगवार को आंदोलन प्रमुख तथा गौरव एवं अभिषेक गंगवार को मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अतिरिक्त ऋषि, अंकुर, गौतम, पवन, विवेक, अंकित, आर्यन एवं अमित को नगर कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किया गया है।
कार्यक्रम के अंत में सभी नवमनोनीत पदाधिकारियों को बधाई देते हुए निष्ठापूर्वक दायित्व निर्वहन का संकल्प दिलाया गया। इस दौरान जिला सह खेलो भारत संयोजक अमनदीप सिंह एवं नितिन कुमार सहित अभाविप के अनेक कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।