पीलीभीत।अखिल भारत हिन्दू महासभा के जिलाध्यक्ष पंडित पंकज शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को पीलीभीत के नवागत जिलाधिकारी से मुलाकात कर जनपद की विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। संगठन के पदाधिकारियों ने नवागत जिलाधिकारी का स्वागत करते हुए जिले के विकास, जनहित, यातायात व्यवस्था, खाद्य सुरक्षा, धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा से जुड़े लंबे समय से लंबित मामलों में त्वरित व समयबद्ध कार्रवाई की अपेक्षा व्यक्त की।
ज्ञापन में नगर की प्रमुख यातायात एवं प्रशासनिक समस्याओं को प्रमुखता से रेखांकित किया गया। संगठन ने रेलवे स्टेशन, जिला अस्पताल, कचहरी, तहसील और प्रमुख बाजारों में पार्किंग स्थल न होने से लग रहे जाम पर चिंता जताते हुए उचित पार्किंग निर्माण की मांग की। साथ ही डिग्री कॉलेज चौराहा से कचहरी तक सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर निर्माण, वाहनों की गति सीमा निर्धारण, तथा आवारा गौवंशों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उन पर रिफ्लेक्टिव पेंट या पट्टियां लगाने का सुझाव दिया। इसके अलावा सार्वजनिक शौचालयों के नियमित संचालन, वाटर वर्क्स की दुकानों के पारदर्शी आवंटन, ई-रिक्शा चालकों के लिए रूट व स्टैंड निर्धारण तथा नाबालिग चालकों पर रोक लगाने की बात कही गई।
सांस्कृतिक धरोहरों और सरकारी संपत्तियों के संरक्षण को लेकर हिन्दू महासभा ने रेलवे स्टेशन के पास स्थित लगभग सौ वर्ष पुरानी जर्जर मूलचंद धर्मशाला के जीर्णोद्धार, ड्रमंड कॉलेज के सामने गौहनिया तालाब की बाउंड्री निर्माण तथा वाटर बॉक्स के पीछे स्थित प्राचीन दशमा मणि स्थल को अतिक्रमण मुक्त कराकर मार्ग चौड़ा करने की मांग उठाई। साथ ही लकड़ी मंडी स्थित फौजी पड़ाव की सरकारी नजूल भूमि की निष्पक्ष जांच व सीमांकन कराने, शत्रु संपत्तियों और सार्वजनिक भूमियों से अवैध कब्जे हटाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों के शवदाह स्थलों पर टीनशेड, पेयजल व सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर दिया गया।
जनस्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा पर ध्यान आकर्षित करते हुए संगठन ने दूध, पनीर, तेल, मसाले और मिठाइयों में हो रही मिलावट पर गहरी चिंता जताई तथा खाद्य सुरक्षा विभाग के माध्यम से व्यापक जांच अभियान चलाकर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। जिलाध्यक्ष पंडित पंकज शर्मा ने कहा कि ज्ञापन में उठाए गए सभी विषय सीधे जनहित, जनसुरक्षा और धार्मिक आस्था से जुड़े हैं। इस अवसर पर जिला महामंत्री भूपेंद्र सिंह, युवा जिलाध्यक्ष गौरव शर्मा, युवा जिला महामंत्री आयुष सक्सेना, रवि जायसवाल, सुनील कश्यप, सुनील अवस्थी, पिंटू पाल, जितेंद्र मौर्य, मनोज वर्मा सहित भारी संख्या में संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।