रुद्रपुर। किच्छा रोड स्थित ग्राम महाराजपुर मोड़ पर मंगलवार सुबह बस स्टॉप की बेंच पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। युवक काफी देर तक बेंच पर लेटा रहा। कोई हलचल नहीं होने पर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महाराजपुर मोड़ पर बसों के ठहराव के लिए बने स्टॉपेज के पास एक बेंच पर मंगलवार सुबह एक युवक लेटा हुआ दिखाई दिया। कुछ देर बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। युवक के काफी देर तक नहीं उठने पर आसपास मौजूद लोगों ने उसे जगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की जांच की। जांच के दौरान युवक मृत पाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
युवक की पहचान नहीं होने के कारण फिलहाल उसकी मौत के कारणों का भी पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होने की संभावना है।