पीलीभीत। सदर तहसील अंतर्गत देवहा नदी के कटान से लगातार प्रभावित हो रहे गांव बेहरी के ग्रामीणों ने पुल निर्माण की मांग को लेकर जिलाधिकारी आलोक कुमार से मुलाकात की। नत्थूलाल पहलवान के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पुल निर्माण का प्रस्ताव पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान स्वीकृत हुआ था, परंतु राजनीतिक कारणों से इसे बेहरी की जगह भाग मोहम्मद गंज में बना दिया गया।
​प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे नाथूलाल पहलवान ने जिलाधिकारी को बताया कि यदि बेहरी गांव में पुल का निर्माण करा दिया जाता है, तो इससे नदी के कटान की गंभीर समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा और पूरा गांव सुरक्षित हो जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस जनहित के मुद्दे पर स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद द्वारा भी निरंतर प्रयास किए गए हैं। वर्तमान स्थिति में प्रतिदिन लगभग एक हजार लोग नाव के माध्यम से जान जोखिम में डालकर अमरिया क्षेत्र की ओर आवागमन करते हैं। ऐसे में पुल बनने से ग्रामीणों की आवागमन संबंधी और कटान से जुड़ी तमाम समस्याओं का अंत हो जाएगा।
​जिलाधिकारी आलोक कुमार ने ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या को बेहद संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ सुना। उन्होंने वार्ता के दौरान ही मौके से सेतु निगम के उच्च अधिकारियों से फोन पर बात कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को पूरी तरह आश्वस्त किया कि इस प्रकरण को प्राथमिकता पर रखते हुए आवश्यक विभागीय कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही समुचित कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi