​पूरनपुर। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के पूरनपुर आगमन पर बुधवार को पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। साईं श्रद्धा बैंक्वेट हॉल में आयोजित भव्य स्वागत समारोह में नवनिर्मित जिलाध्यक्ष धर्मेश गंगवार के साथ पीलीभीत जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों से पहुंचे वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और संभावित दावेदारों ने प्रदेश अध्यक्ष का ढोल-नगाड़ों और गगनभेदी नारों के बीच जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में संगठन की आगामी गतिविधियों और वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति एवं तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।


​समारोह के दौरान सपा नेता राजकुमार ‘राजू’ और वरिष्ठ कार्यकर्ता रामकुमार पासवान अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ पहुँचे और अपनी मजबूत राजनीतिक सक्रियता दर्ज कराई। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनता के बीच लगातार संपर्क बढ़ाने और समाजवादी पार्टी की जनहितकारी नीतियों को घर-घर पहुँचाने का आह्वान किया। जिले की चारों विधानसभा सीटों को फतह करने के संकल्प के साथ सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनाव में एकजुट होकर पूरी ऊर्जा के साथ काम करने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi