रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. गोस्वामी ने पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, रुद्रपुर का नियमित निरीक्षण किया। सीएमओ के नेतृत्व में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यालय के भोजनालय, रसोईघर और छात्रावास का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों को मौसमी बीमारियों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों को लेकर संवाद किया।
रसोई और भोजन की गुणवत्ता जांची
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. गोस्वामी ने विद्यालय के मुख्य रसोईघर और भोजनालय का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, रसोई की स्वच्छता, बर्तनों की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के रखरखाव और भोजन की गुणवत्ता की जानकारी ली।
खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत तैयार भोजन के साथ-साथ दाल, चावल और कच्चे मसालों के नमूने भी लिए गए। निरीक्षण के दौरान भोजन और स्वच्छता से संबंधित व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप एवं गुणवत्तापूर्ण पाई गईं।
छात्रावास में विद्यार्थियों से किया संवाद
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने छात्रावास में रह रहे छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वास्थ्य, खान-पान और स्वच्छता से संबंधित विषयों पर जानकारी ली तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार विद्यार्थी, विद्यालय की नर्स सुश्री सूबी, केटरिंग सुपरिंटेंडेंट सुनील सहित संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।