रुद्रपुर। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी की अध्यक्षता में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रदेश अध्यक्ष प्रेम सिंह सहोता समेत विभिन्न कृषक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने किसान प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि उनकी उचित मांगों के संबंध में उनके स्तर से पहले ही आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। किसान प्रतिनिधियों ने आगामी धान खरीद सत्र के दौरान खरीद केंद्रों पर आने वाली समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण का अनुरोध किया।
किसानों ने धान खरीद के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को सुगम और पारदर्शी बनाने की मांग रखी। इस पर सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
किसानों को पर्याप्त यूरिया उपलब्ध कराने के निर्देश
बैठक में किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप यूरिया की उपलब्धता का मुद्दा भी उठाया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्य कृषि अधिकारी को किसानों की जरूरत के अनुसार यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा जिले की सिंचाई व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। नहरों की स्थिति, साफ-सफाई और मरम्मत के साथ ही किसानों को समय से पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बिजली बिलों की समस्याओं के निस्तारण पर जोर
कृषक प्रतिनिधियों ने विद्युत बिलों से संबंधित समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं। मुख्य विकास अधिकारी ने इन समस्याओं को संज्ञान में लेते हुए संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित करने और त्रुटिपूर्ण अथवा लंबित प्रकरणों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, आरएमओ लता मिश्रा, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीकेएस यादव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष जोशी, डिप्टी आरएमओ वरुण कुमार सहित किसान प्रतिनिधि प्रेम सिंह सहोता, गुरसेवक सिंह, राजेन्द्र सिंह, मनजिन्दर सिंह, गुरविन्दर सिंह, अमनदीप सिंह, सतविन्दर सिंह, सज्जाद हुसैन, राजेन्द्र सिंह मक्कड़, ठाकुर जगदीश सिंह, कुंवर पाल सिंह आदि मौजूद रहे।