पीलीभीत। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला अध्यक्ष पवन शर्मा के आवास पर संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष विश्वदीप अवस्थी ने की, जिसमें जिला कार्यकारिणी के सदस्यों और पार्टी पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और संगठन को धरातल पर मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशानिर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में पीलीभीत जिले की सभी चारों सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। चुनाव में विजय हासिल करने के लिए कई रणनीतिक पहलुओं पर सहमति बनी और कार्यकर्ताओं को क्षेत्र में जाकर पार्टी का प्रचार-प्रसार तेज करने के निर्देश दिए गए। पार्टी नेताओं ने बताया कि जिले में जनसंपर्क और प्रचार का कार्य पहले से ही जोर-शोर से चल रहा है।
इस महत्वपूर्ण आयोजन में प्रदेश अध्यक्ष विश्वदीप अवस्थी और जिला अध्यक्ष पवन शर्मा के अलावा जिला उपाध्यक्ष अतुल जायसवाल, संगठन मंत्री भूपेंद्र कुमार शर्मा, बीकेडी अध्यक्ष (लखनऊ) आशुतोष दुबे तथा युवा मोर्चा अध्यक्ष शैलेंद्र शर्मा मौजूद रहे।
साथ ही राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रिंस, अधिवक्ता राजेश कुमार तिवारी, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष प्रिंस, मीडिया प्रभारी देवेंद्र शर्मा, सार्थक शर्मा और अर्पित पाल सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने आगामी चुनाव में पार्टी को मजबूती प्रदान करने और एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।