मेरठ। सदर बाजार क्षेत्र स्थित खालसा होटल के एक कमरे में 29 वर्षीय युवक का शव फंदे पर मिलने से हड़कंप मच गया। युवक की पहचान विपुल शर्मा, निवासी शामली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले दो दिनों से होटल के कमरे में ठहरा हुआ था।
जानकारी के अनुसार, होटल के कमरे से तेज दुर्गंध आने पर कर्मचारियों को शक हुआ। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो अंदर युवक का शव फंदे पर मिला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनास्थल से बियर की पांच बोतलें भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक होटल में कब और किस उद्देश्य से ठहरा था, घटना के पीछे क्या वजह रही और मौत किन परिस्थितियों में हुई, इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।