रुद्रप्रयाग। सीएम पोर्टल पर लंबित शिकायतों के निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि लंबित शिकायतों का यथाशीघ्र और अनिवार्य रूप से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायत के निस्तारण के बाद संबंधित शिकायतकर्ता को भी इसकी सूचना दी जाए।
समीक्षा के दौरान सामने आया कि जनपद स्तर पर सीएम पोर्टल के एल-1 स्तर पर 81 और एल-2 स्तर पर 10, कुल 91 शिकायतें निस्तारण के लिए लंबित हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा पूर्व में वर्चुअल माध्यम से सीएम पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा की गई थी। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में जनपद में सीएम पोर्टल की साप्ताहिक समीक्षा की जा रही है।

उन्होंने कहा कि अधिकांश शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जा रहा है, जबकि लंबित मामलों को लेकर संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने और शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पारुल गोयल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी आशीष रावत, जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे, जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली, जिला आबकारी अधिकारी रमेश बंगवाल, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया, प्रभारी मुख्यमंत्री शिकायत प्रकोष्ठ विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।