पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध पीलीभीत टाइगर रिजर्व में आगामी नए पर्यटन सत्र की तैयारियां तेजी से शुरू कर दी गई हैं। पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देने और उनके प्रवास को आरामदायक बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश वन निगम ने चूका इको टूरिज्म स्पॉट पर स्थित थारू हटों की मरम्मत का काम शुरू करा दिया है। मानसून के दौरान और समय के साथ हुए टूट-फूट को ठीक करके इन हटों को नया रूप दिया जा रहा है, ताकि आने वाले पर्यटकों को प्राकृतिक माहौल में बेहतर अनुभव मिल सके।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व के प्रभागीय वनाधिकारी मनीष सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि वन निगम द्वारा चूका स्पॉट पर थारू हटों के जीर्णोद्धार का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संभावना है कि आगामी पर्यटन सत्र की आधिकारिक शुरुआत पहली नवंबर से हो जाएगी। पर्यटन सत्र शुरू होने से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं और मरम्मत कार्य पूरे कर लिए जाएंगे, जिससे देश-विदेश से आने वाले प्रकृति प्रेमी और वन्यजीव उत्साही चूका बीच की प्राकृतिक सुंदरता का लुत्फ उठा सकें।