नानकमत्ता। नानकसागर जलाशय के पार स्थित बिसोटा गांव में नशा तस्करी और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नई पुलिस चौकी की स्थापना की गई है। रविवार शाम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान के बाद नवीन पुलिस चौकी का विधिवत शुभारंभ किया।
चौकी की स्थापना से सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिस की स्थायी मौजूदगी बढ़ेगी। पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में नियमित एवं सघन गश्त के साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जाएगी। इससे नशे के अवैध कारोबार समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद है।

बताया गया कि बिसोटा क्षेत्र में लंबे समय से नशा तस्करी को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं। क्षेत्र के ग्रामीण भी काफी समय से यहां स्थायी पुलिस चौकी स्थापित किए जाने की मांग कर रहे थे। नई चौकी शुरू होने से ग्रामीणों को सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है।
चौकी के शुभारंभ के अवसर पर कोतवाल संजय पाठक, जिला पंचायत सदस्य संगठन के प्रदेश अध्यक्ष भास्कर सम्मल, सतीश भट्ट, तेज सिंह महार, जगदीश चंद्र अटवाल, जमना देवी और तेजपाल सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
