नई टिहरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए भाजपा ने टिहरी जिले में तैयारियां शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिलेभर में सेवा,जन जागरूकता,सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न 11 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत ने पत्रकार वार्ता करते हुए कार्यक्रमों की जानकारी दी। बताया कि पार्टी नेतृत्व के निर्देशानुसार अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा। अधिकाधिक कार्यकर्ताओं,आमजन को कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा। अभियान का उद्देश्य सेवा और जनभागीदारी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्षों के कार्यकाल,केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है। बताया कि जिले में 16 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन को भी धूमधाम से मनाया जाएगा। सीएम के जन्मदिन पर अस्पताल फल वितरण से लेकर मंदिरों को पूजा पाठ किया जाएगा। बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आशीर्वाद का एक प्रत्येक कार्यकर्ताओं के घरों में जलाया जाएगा। इसके बाद छात्रों के बीच संवाद,रंगोली,रक्तदान,स्वच्छता,स्वास्थ्य शिविर,लाभार्थी संपर्क, सपनों का भारत,नमो सेवा गाथा,आंगन उत्सव,कहानी बदलाव की,विकसित भारत संकल्प यात्रा,सेवा ज्योति यात्रा जैसे कई कार्यक्रम संपन्न होंगे। बताया कि कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए 11 संयोजक बनाए हैं। साथ ही मंडल और बूथ स्तर पर भी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी गई है। इस अवसर पर युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मनीष राणा,अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष तौफीक अहमद,जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र डोभाल,कार्यालय प्रभारी जयेंद्र पंवार,सुमित रावत,प्रमोद रमोला आदि उपस्थित थे।