नई टिहरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देश पर जनपद पुलिस द्वारा नशा तस्करों और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में लम्बगांव थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक डैटसन गो कार से 16 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष लम्बगांव ने थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया था। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक डैटसन गो कार को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार से अवैध रूप से परिवहन की जा रही कुल 16 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से वाहन चालक नीरज पुत्र ओमपाल, निवासी कोटी कॉलोनी, को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन में प्रयुक्त डैटसन गो कार को भी कब्जे में ले लिया है। बरामद शराब के संबंध में आरोपी के खिलाफ थाना लम्बगांव में आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार और शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।