किच्छा /रुद्रपुर। पीलीभीत से किच्छा स्थित अपनी ससुराल आ रहे एक वृद्ध का शव संदिग्ध परिस्थितियों में रेल पटरी पर मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। शव की शिनाख्त होते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम फुलैया, थाना अमरिया, पीलीभीत निवासी 62 वर्षीय नोनीराम पुत्र प्रेमराम ने जन्माष्टमी पर्व मनाने के लिए अपनी पत्नी देवकी को टुकटुक में बैठाकर किच्छा स्थित उनके मायके, पुरानी गल्ला मंडी के लिए रवाना किया था। इसके बाद नोनीराम स्वयं साइकिल से किच्छा के लिए निकल पड़े।
बताया गया कि देवकी देवी अपने मायके पहुंच गईं, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी नोनीराम वहां नहीं पहुंचे। इससे परिजनों को उनकी चिंता सताने लगी। इसी बीच शुक्रवार सुबह परिजनों को पुलिस से सूचना मिली कि रेल पटरी पर एक व्यक्ति का शव मिला है।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त नोनीराम के रूप में की। मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर भेज दिया है। रेल पटरी पर वृद्ध का शव किन परिस्थितियों में पहुंचा और उनकी मौत कैसे हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।