हल्द्वानी। काठगोदाम क्षेत्र में बर्थडे पार्टी के बाद चार दोस्तों के साथ कार से घूम रहे 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक चलती कार से सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। आरोप है कि हादसे के बाद उसके दोस्त उसे अस्पताल पहुंचाने के बजाय सड़क किनारे छोड़कर कार समेत फरार हो गए। मृतक के परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
काठगोदाम के तुलसी नगर (पाली सीट) निवासी पुष्कर कोहली (21) गुरुवार शाम चार दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी मनाने के लिए घर से निकला था। पुष्कर निजी स्कूल बस में कंडक्टर का काम करता था। परिजनों के अनुसार, देर रात तक वह अपने दोस्तों के साथ ही था। बताया जा रहा है कि पांचों युवक कार से घूमते हुए पार्टी कर रहे थे। इस दौरान शराब का सेवन किए जाने की बात भी सामने आई है। कार में शराब की बोतलें और युवकों के शराब पीने का वीडियो भी सामने आया है।


बताया जा रहा है कि देर रात करीब तीन बजे तक युवकों ने स्नैपचैट पर वीडियो बनाए। इसके बाद कार सवार युवक काठगोदाम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जमरानी कॉलोनी (पनचक्की) के पास पुष्कर चलती कार से सड़क पर गिर गया। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने पुलिस को बताया कि कार का दरवाजा अचानक खुलने के कारण पुष्कर नीचे गिरा।
हादसे में पुष्कर के सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि हादसे के बाद दोस्तों ने उसे अस्पताल पहुंचाने के बजाय सड़क किनारे घायल अवस्था में छोड़ दिया और कार लेकर मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल युवक को देखा और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर काठगोदाम पुलिस मौके पर पहुंची और पुष्कर को उपचार के लिए अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुष्कर दो भाइयों में सबसे बड़ा था। बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस से मृतक के साथ मौजूद चारों युवकों से पूछताछ कर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल, कार और सामने आए वीडियो की जांच कर रही है। साथ ही मृतक के साथ मौजूद चारों दोस्तों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi