नानकमत्ता। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत नानकमत्ता पुलिस ने डैम पार गिधौर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 130.04 ग्राम स्मैक/हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद नशे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 39 लाख रुपये है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरदेव सिंह उर्फ टैटू (20) निवासी गिधौर के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई। पुलिस टीम ने नशे की तस्करी के खिलाफ अभियान के दौरान आरोपी को पकड़कर उसके कब्जे से नशीला पदार्थ और अवैध हथियार बरामद किया।
मामले में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है और नशे के कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।