नई दिल्ली/पानीपत। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने हरियाणा के पानीपत स्थित सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान 57 वर्षीय महिला के साथ कथित दुष्कर्म और बाद में उसकी मौत से संबंधित मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार महिला के साथ 16 अगस्त 2026 को कथित तौर पर घटना हुई थी और 18 अगस्त को रोहतक स्थित स्नातकोत्तर चिकित्सा विज्ञान संस्थान में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

आयोग ने कहा है कि यदि मीडिया रिपोर्ट में उल्लिखित तथ्य सही पाए जाते हैं तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मामला है। मामले को गंभीरता से लेते हुए NHRC ने हरियाणा के मुख्य सचिव और पानीपत के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी किया है।

आयोग ने दोनों अधिकारियों से दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।

CT स्कैन कक्ष में घटना का आरोप

19 अगस्त 2026 को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, महिला गंभीर रूप से बीमार थी और उसे उपचार के लिए पानीपत के सरकारी अस्पताल ले जाया गया था। चिकित्सकों ने उसके एक्स-रे और सीटी स्कैन कराने की सलाह दी थी।

रिपोर्ट के मुताबिक, सीटी स्कैन कक्ष के अंदर मशीन ऑपरेटर ने महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने महिला को धमकी दी कि वह इसके बारे में किसी को न बताए।

उपचार के दौरान महिला की मौत

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार घटना के बाद महिला की हालत गंभीर बनी रही और उसे उपचार के लिए रोहतक स्थित स्नातकोत्तर चिकित्सा विज्ञान संस्थान ले जाया गया, जहां 18 अगस्त को उसकी मृत्यु हो गई।

NHRC ने मामले में संबंधित अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी, की गई कार्रवाई और वर्तमान स्थिति की रिपोर्ट मांगी है। आयोग की ओर से अधिकारियों की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi