कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार को बड़ा विमान हादसा हो गया। गंगा बैराज के पास नत्था पुरवा गांव के बाहरी इलाके में एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर खेत में जा गिरा। हादसे में विमान में सवार इंस्ट्रक्टर पायलट सचिन भाटिया और ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी की मौत हो गई। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने दोनों की मौत की पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक, विमान ने गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से उड़ान भरी थी। करीब 20 मिनट बाद, लगभग 11:50 बजे, गंगा बैराज क्षेत्र में विमान हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि विमान ट्विन इंजन और चार सीट वाला था।
हवा में डगमगाया विमान और खेत में जा गिरा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विमान करीब 200 से 250 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। इसी दौरान वह अचानक हवा में डगमगाने लगा और कुछ ही क्षणों में नीचे आ गिरा। जमीन से टकराते ही विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके पुर्जे आसपास के क्षेत्र में बिखर गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के बाद विमान में आग नहीं लगी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं। दोनों पायलटों को क्षतिग्रस्त विमान से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गुजरात और कर्नाटक के रहने वाले थे दोनों पायलट
मृतकों की पहचान सचिन भाटिया और अभिषेक पुजारी के रूप में हुई है। सचिन भाटिया गुजरात के रहने वाले थे, जबकि अभिषेक पुजारी कर्नाटक के निवासी बताए गए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की बड़ी संख्या में भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है।
DGCA को दी गई सूचना
विमान दुर्घटना की सूचना DGCA को भी दे दी गई है। हादसा किस वजह से हुआ, इसका पता लगाने के लिए तकनीकी और अन्य पहलुओं से विस्तृत जांच की जाएगी। विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।