पीलीभीत। बच्चों के सर्वांगीण विकास को समर्पित गोस्वामीज़ मॉम्स प्राइड स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन हर्षोल्लास के साथ हुआ। इस खेल महोत्सव में स्कूल के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने अपनी अद्भुत खेल प्रतिभा और अदम्य उत्साह का प्रदर्शन कर सबका मन मोह लिया। समापन अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में विजयी प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर उनकी हौसला अफजाई की गई।

प्रतियोगिता के दौरान प्ले ग्रुप, नर्सरी और किंडर गार्डन के बच्चों के बीच रोचक मुकाबले देखने को मिले। प्ले ग्रुप की ‘पिक एंड ड्रॉप द बॉल’ रेस में मास्टर अवियांश मिश्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ‘बैलेंस रेस’ में मास्टर आद्विक अव्वल रहे। वहीं, किंडर गार्डन की ‘सैक रेस’ में मिस रिचा सिंह और ‘स्पून रेस’ में मास्टर दक्ष कुमार ने बाजी मारी। नर्सरी वर्ग में ‘फ्रॉग रेस’ में अतिक्ष पाल और ‘बॉल बैलेंस’ में शिवम कुमार ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इन नन्हे खिलाड़ियों के बीच टीम वर्क और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का अनुशासन देखते ही बन रहा था।

विद्यालय की अध्यक्ष सोनिया गोस्वामी ने इस अवसर पर कहा कि खेलकूद बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अनिवार्य हैं। अभिभावक-शिक्षक बैठक के दौरान हुए पुरस्कार वितरण समारोह में प्रधानाचार्या जया घोष ने विजेताओं की सराहना करते हुए बच्चों को खेल गतिविधियों में निरंतर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। अपने बच्चों की उपलब्धियों को देख अभिभावकों ने भी प्रसन्नता व्यक्त की और विद्यालय प्रशासन की इस पहल को सराहा। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त स्टाफ ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
