पीलीभीत। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की साधारण बसों में 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ का शुभारम्भ किया। योजना के तहत उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाएं अपना वोटर आईडी या पहचान पत्र दिखाकर जीवनभर निःशुल्क बस यात्रा का लाभ उठा सकेंगी। इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण पीलीभीत के गांधी प्रेक्षागृह में देखा और सुना गया। गांधी प्रेक्षागृह में आयोजित जनपद स्तरीय मातृशक्ति सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि गन्ना विकास एवं चीनी मिलें राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, विधायक बरखेड़ा स्वामी प्रवक्तानन्द व अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने उपस्थित महिलाओं को साड़ियां एवं मिष्ठान वितरित कर सम्मानित किया।


समारोह को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने कहा कि रक्षाबंधन से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शुरू की गई इस योजना से प्रदेश की लगभग 88 लाख महिलाएं लाभान्वित होंगी। अब बुजुर्ग माताओं को तीर्थाटन करने या परिजनों से मिलने जाने के लिए यात्रा खर्च की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। उन्होंने जानकारी दी कि रक्षाबंधन के पर्व पर प्रदेश की सभी माताओं, बहनों और बेटियों को एक सहयात्री सहित 27 अगस्त की प्रातः 6 बजे से 29 अगस्त की रात्रि 12 बजे तक परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की विशेष सुविधा भी दी जा रही है। उन्होंने प्रेक्षागृह में मौजूद महिलाओं से अपील की कि पर्व के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों, बस चालकों व परिचालकों को भी रक्षासूत्र बांधकर सम्मान दें। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र, सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धक प्रांशु पाठक, डीसी मनरेगा हेमंत यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी युगलकिशोर सांगुड़ी सहित कई अधिकारी व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।आयु की महिलाओं को मिला आजीवन निःशुल्क बस यात्रा का तोहफा