सितारगंज। पिपलिया गांव स्थित गुरुद्वारे में स्थापित दानपात्र का ताला तोड़कर रुपये चोरी करने के मामला सामने आया है। वहीं, मामले में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया। वहीं, ग्रामीणों ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 5260 रुपये बरामद होने का दावा किया गया है।
शक्तिफार्म के गांव पिपलिया निवासी राजवीर सिंह ने बताया कि 12 अगस्त को गांव निवासी जैमल सिंह गुरुद्वारे में माथा टेकने गया था। इस दौरान उसने देखा कि गुरुद्वारे में रखे दान पेटी का ताला टूटा हुआ है। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने जब गुरुद्वारे में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। तो पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखा रुपये चुरा लिया।
जिसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी की तलाश शुरू की। 13 अगस्त को उसी हुलिये का एक व्यक्ति पिपलिया में नीले रंग का थैला लेकर घूमता दिखाई दिया। शक होने पर ग्रामीणों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। इस पर गांव निवासी श्याम सिंह, मुख्त्यार सिंह और जितेंद्र सिंह ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम शुभम उर्फ शिवम, निवासी टैगोरनगर, शक्तिफार्म बताया। ग्रामीणों ने उसके पास से बरामद नीले रंग के थैले से 5260 रुपये प्राप्त किया। आरोपी ने बताया कि इन रुपयों को उसने गुरुद्वारे के दान पत्र से चोरी किया है।
जिसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। वहीं, मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच के साथ सीसीटीवी फुटेज और बरामदगी से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है।