​पीलीभीत। संस्कार भारती के तत्वावधान में स्थानीय संतराम सरस्वती शिशु मंदिर, अशोकनगर में ‘एक शाम राष्ट्र के नाम – वीरों को नमन’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्कार भारती के अध्यक्ष डॉ. भरत कंचन ने अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक एवं काव्य संध्या में कवियों की वीर रस की कविताओं और गायकों के देशभक्ति गीतों ने उपस्थित श्रोताओं को राष्ट्र प्रेम की भावना से सराबोर कर दिया।


​संगीत एवं काव्य धारा के अंतर्गत डॉ. भरत कंचन ने “फिर भी दिल है हिंदुस्तानी…”, डॉ. अनिल मिश्रा ने “धरती सुनहरी अंबर नीला, हर मौसम रंगीला, ऐसा देश है मेरा” तथा संदीप सिंह ने “है प्रीत जहां की रीत सदा…” जैसे सुप्रसिद्ध राष्ट्रभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वहीं कवियों ने अपनी रचनाओं से देशभक्ति का अलख जगाया। योगेंद्र गोस्वामी ‘नीरव’ ने “हे जन्मभूमि तेरे चरणों में शत-शत बार नमन, तब तक तेरा यश अमर रहेगा जब तक धरणि-गगन” पढ़कर भारत माता की वंदना की। देवेंद्र गोस्वामी ने “देश की आन पर जो मिटे, आज उनको करें हम नमन…” पंक्तियों के माध्यम से अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।


​काव्य संध्या को आगे बढ़ाते हुए संजय पांडे ‘गौहर’ ने अपनी पंक्तियों— “मन भी निर्मल बने तन भी गंगा लगे, सब घरों की छतों पर तिरंगा लगे…” से हर घर तिरंगा फहराने का सुंदर संदेश दिया। युवा कवि सिद्धार्थ मिश्रा ने ओजस्वी स्वर में पढ़ा— “भारत की अस्मिता पे हो गए शहीद उन वीरों के अमिट बलिदान को नमन है, भगत सुभाष अशफाक बिस्मिल जैसे स्वाभिमानियों के स्वाभिमान को नमन है।” अविनाश चंद्र मिश्रा ने अपनी भावुक कर देने वाली रचना “फांसी वाली रात से कल सुबह सूर्य जब निकलेगा, भारत के लाल नहीं होंगे…” प्रस्तुत कर स्वतंत्रता संग्राम के कठिन क्षणों को जीवंत कर दिया। कुमकुम पंत ने “ऐ वतन के नौजवान, ये तुम्हारा इंतेहाँ…” के माध्यम से युवाओं का आह्वान किया, जबकि मंजू सिंह ने कालजयी गीत “ऐ मेरे वतन के लोगों, जरा आँख में भर लो पानी” सुनाकर पूरे प्रांगण को भाव-विभोर कर दिया।


​कार्यक्रम के दौरान विचार व्यक्त करते हुए नेहा पंत जोशी ने कहा कि बच्चों में राष्ट्र प्रेम की भावना स्वतः जगाने के लिए घर, परिवार और विद्यालय सभी को समान रूप से मिलकर कार्य करना होगा, तभी हमारी आने वाली पीढ़ी इसका वास्तविक महत्व समझ पाएगी।
​इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विशिष्ट महिलाओं को ‘सेवा सम्मान’ से अलंकृत किया गया। इसमें विधि के क्षेत्र में श्रीमती प्रभा अवस्थी, जिला अस्पताल स्थित वन स्टॉप सेंटर (पीलीभीत) की इंचार्ज तृप्ति मिश्रा एवं उप-निरीक्षक सलोनी त्यागी को अंग वस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। अतिथियों का परिचय डॉ. रेनू सक्सेना और डॉ. नीलेश कटियार ने कराया। सम्मान की कड़ी में प्रभा अवस्थी को डॉ. पूनम चंद्रा ने, सलोनी त्यागी को डॉ. ममता सक्सेना ने तथा तृप्ति मिश्रा को डॉ. नीरू सक्सेना ने सम्मानित किया।
​कार्यक्रम में डॉ. पूनम चंद्रा, सुमेधा जिंदल, संदीप सक्सेना सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक, साहित्यकार और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर नीलेश कटियार ने तथा अविनाश मिश्रा चंद्र ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi