रूद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। उधम सिंह नगर जिले की विशेष एनडीपीएस (NDPS) कोर्ट में फर्जी आधार कार्ड लगाकर अभियुक्तों की जमानत कराने का एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक ही आधार संख्या पर दो अलग-अलग जिलों के पते दर्ज पाए जाने पर अदालत ने कड़ा रुख अपनाया है। विशेष न्यायाधीश के आदेश के बाद न्यायालय लिपिक की तहरीर पर थाना पंतनगर में आरोपी जमानती के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
आधार कार्ड के पते ने खोला फर्जीवाड़े का राज
मिली जानकारी के अनुसार, जिला जजी स्थित अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश (एनडीपीएस एक्ट) दीपाली शर्मा की अदालत में एक मुकदमे के दौरान विद्वान अधिवक्ता द्वारा दो जमानतियों के दस्तावेज प्रस्तुत किए गए थे। इनमें से एक जमानती सलीम खां (निवासी- श्यामखेत, भवाली, जिला नैनीताल) द्वारा पेश किया गया आधार कार्ड संदेह के घेरे में आ गया। जब अदालत के निर्देश पर दस्तावेज़ों की बारीकी से जांच की गई, तो पता चला कि इसी आधार संख्या पर उसका एक अन्य पता ‘महराया, खमरिया, लालपुर, उधम सिंह नगर’ भी दर्ज था।
जसपुर के मुकदमे में भी किया था यही खेल, कोर्ट रूम में खुला राज
पड़ताल में यह चौंकाने वाली बात भी सामने आई कि इसी जमानती सलीम खां ने पूर्व में थाना जसपुर के एक अन्य एनडीपीएस मामले में अभियुक्त नौशाद उर्फ सुल्ला की भी जमानत ली थी। जसपुर वाले मामले में उसने जो आधार कार्ड लगाया था, उसमें लालपुर (ऊधम सिंह नगर) का पता अंकित था। एक ही आधार नंबर पर दो भिन्न-भिन्न जिलों के पते मिलने और न्यायालय के समक्ष पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा परस्पर विरोधी और गोलमोल बयान देने पर इस पूरे सुनियोजित फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ हो गया।
न्यायाधीश के आदेश पर पंतनगर थाने में मुकदमा दर्ज
अदालत के समक्ष फर्जी दस्तावेज पेश करने के इस संगीन मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष न्यायाधीश दीपाली शर्मा ने तुरंत कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। न्यायालय के आदेश पर कोर्ट लिपिक चन्द्र सिंह द्वारा थाना पंतनगर में लिखित तहरीर दी गई। पंतनगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित जालसाज जमानती के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपी के मूल आधार कार्ड की सत्यता और इस रैकेट में शामिल अन्य कड़ियों की गहनता से जांच कर रही है।