राकेश बावा समेत कांग्रेस के कई पदाधिकारियों ने थामा भाजपा का दामन

सितारगंज। नगर की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। कांग्रेस के पूर्व पालिकाध्यक्ष पद के प्रत्याशी राकेश बावा समेत ब्लॉक कांग्रेस के कई प्रमुख पदाधिकारियों और नेताओं ने कांग्रेस का साथ छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।
शुक्रवार को श्री रामलीला परिसर में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने सभी नेताओं को भाजपा का पटका पहनाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई।
भाजपा में शामिल होने वालों में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सितारगंज के अध्यक्ष रंजीत सिंह, पूर्व मंडी उपाध्यक्ष एवं ब्लॉक कांग्रेस के महामंत्री नसीम मलिक, पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी नगर पालिका परिषद राकेश बावा, नगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस देवांश, ब्लॉक कांग्रेस के सचिव अकील अंसारी, आमिर अंसारी, मीडिया प्रभारी जयदीप सिंह, सचिव सतनाम सिंह, कोषाध्यक्ष महेंद्र सिंह, सचिव सुखपाल सिंह तथा उपाध्यक्ष गुरबाज सिंह शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और सीएम के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के कार्यकर्ता लगातार भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि अनुभवी और सक्रिय कार्यकर्ताओं के भाजपा में आने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और पार्टी की जड़ें बूथ स्तर तक और मजबूत होंगी।
सितारगंज में कांग्रेस के ब्लॉक संगठन के कई पदाधिकारियों का एक साथ भाजपा में शामिल होना स्थानीय राजनीति का बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी स्थानीय निकाय और संगठनात्मक गतिविधियों पर इसका प्रभाव साफ दिखाई दे सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi