रुद्रपुर। दिनेशपुर के ग्राम कालीनगर में बुधवार की सायं एक दिव्यांग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

दवा के ओवरडोज से हुई थी दिव्यांगता
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कालीनगर दिनेशपुर निवासी करीब 48 वर्षीय वीना मेहरा पुत्री भीम सिंह नेगी अविवाहित थीं। परिजनों ने बताया कि किशोरावस्था में एक बीमारी के दौरान उन्होंने निर्धारित मात्रा से अधिक दवा का सेवन (ओवरडोज) कर लिया था। इस वजह से उनके शरीर में दिव्यांगता के लक्षण आने लगे थे। परिजनों ने लंबे समय तक उनका उपचार कराया, लेकिन स्वास्थ्य में कोई विशेष सुधार नहीं हुआ।

लगातार अवसाद में चल रही थी मृतका
लंबे समय से शारीरिक अक्षमता के कारण वीना लगातार मानसिक तनाव और अवसाद की स्थिति से गुजर रही थीं। इस वजह से उन्होंने विवाह भी नहीं किया था और हाल के दिनों में परिजनों के साथ उनके व्यवहार में काफी चिड़चिड़ापन और बदलाव आ गया था।

दोपहर से खाना खाने से किया था इनकार
परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह उन्होंने सामान्य रूप से नाश्ता किया था। इसके बाद जब दोपहर का खाना दिया गया, तो उन्होंने खाने से साफ इनकार कर दिया। परिजनों के काफी समझाने-बुझाने पर भी वह राजी नहीं हुईं और विवाद करने लगीं। इसके कुछ समय बाद जब परिजन उनके कमरे में गए, तो वीना बेसुध अवस्था में पड़ी मिलीं। घबराए परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और परिजनों से आवश्यक जानकारी जुटाई।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi