दियोरिया कला। ग्राम पुरैना में पिछले कई वर्षों से लंबित सेतु (पुल) निर्माण की मांग को लेकर भीम आर्मी के बीसलपुर तहसील अध्यक्ष हरीश गंगवार को प्रशासन द्वारा हाउस अरेस्ट कर लिया गया है। दरअसल, पुरैना में सेतु निर्माण की मांग वर्ष 2016 से लगातार की जा रही थी, जिसे वर्ष 2020 में स्वीकृति और प्रस्ताव भी मिल गया था। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सांठगांठ कर इस प्रस्तावित सेतु को किसी दूसरी जगह स्थानांतरित करा दिया। इसके विरोध में ग्राम पुरैना के समस्त क्षेत्रवासियों ने लगातार 42 दिनों तक अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन भी किया, लेकिन शासन और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सुध लेना तक जरूरी नहीं समझा।
​इसके बाद आक्रोशित क्षेत्रवासियों ने विधानसभा क्षेत्र 130 के स्थानीय विधायक विवेक कुमार वर्मा के आवास पर दो बार जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। उस समय विधायक ने लगभग तीन हजार लोगों की मौजूदगी में सार्वजनिक रूप से आश्वासन दिया था कि सेतु का निर्माण ग्राम पुरैना में ही कराया जाएगा। इसके बावजूद जब लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो ग्रामीणों ने अपने विरोध के रूप में लोकसभा चुनाव 2024 का पूर्ण बहिष्कार भी किया। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि इसके बाद भी वर्ष 2026 तक सेतु निर्माण को लेकर धरातल पर कोई काम शुरू नहीं कराया गया, जिससे ग्रामीणों में गहरा असंतोष व्याप्त है।
​इसी बीच, झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार के बीसलपुर आगमन का कार्यक्रम तय हुआ। इस पर भीम आर्मी के बीसलपुर तहसील अध्यक्ष हरीश गंगवार ने पुरैना सेतु निर्माण की उपेक्षा के विरोध में राज्यपाल को काले झंडे दिखाने का आह्वान कर दिया। शांति व्यवस्था भंग होने और विरोध-प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए हरीश गंगवार को उनके आवास पर ही नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi