लखनऊ। राजधानी लखनऊ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के जोन 5 की जिम्मेदारी संभाल रहे अवर अभियंता (जेई) दिनेश वर्मा को विजिलेंस की टीम ने एक बिल्डर से 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में विजिलेंस की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जेई दिनेश वर्मा के साथ ही सुपरवाइजर चंद्र प्रकाश और एक अन्य प्राइवेट व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, इन तीनों को गोमती नगर स्थित एलडीए कार्यालय के गेट के पास से उठाया गया है। विजिलेंस की टीम द्वारा तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस बड़ी गिरफ्तारी के बाद एलडीए महकमे में हड़कंप मच गया है।