​पूरनपुर (पीलीभीत)। नगर के श्री जी पैलेस में बुधवार को वरिष्ठ कवि एवं साहित्यकार पंडित राम अवतार शर्मा की दूसरी काव्य कृति ‘आराधना के फूल’ का एक भव्य एवं गरिमामय समारोह में विमोचन संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिले एवं आसपास के क्षेत्रों से आए प्रमुख साहित्यकारों, कवियों और बुद्धिजीवियों ने पुस्तक की भावनात्मक अभिव्यक्ति, संवेदनशीलता और उत्कृष्ट भाषा-शैली की मुक्त कंठ से सराहना की। कार्यक्रम का शुभारंभ देव पूजन के साथ हुआ, जिसके उपरांत बिलसंडा के वरिष्ठ साहित्यकार कृष्ण कुमार मिश्रा ‘चंचल’ ने पुस्तक का औपचारिक विमोचन किया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित राम अवतार शर्मा की पहली पुस्तक ‘भावनाओं के फूल’ को पाठकों का भरपूर स्नेह मिला था और ‘आराधना के फूल’ के माध्यम से उन्होंने एक बार फिर अपनी सशक्त लेखनी का लोहा मनवाया है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि शर्मा ज्योतिष की वार्षिक पत्रिका ‘व्रतोत्सव पर्व दीपिका’ के 20 अंकों का सफल संपादन व प्रकाशन कर चुके हैं।
​समारोह के दौरान रचनाकार पंडित राम अवतार शर्मा ने अपनी इस नई कृति की सृजन प्रक्रिया और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए सभी आगंतुकों के प्रति आभार जताया। इस मौके पर वरिष्ठ कवि श्याम बाबू शुक्ल ‘विमल’, राजेंद्र अवस्थी ‘किंकर’, विकास आर्य ‘स्वप्न’, प्रशांत मिश्र ‘शांडिल्य’, उमेश त्रिगुणायत ‘अद्भुत’, डॉ. यू.आर. मीत, ओमप्रकाश मंजुल, सतीश मिश्र ‘अचूक’, डॉ. नीता अग्रवाल, सुगंध विकास वाजपेई, डॉ. नीराजना शर्मा एवं संजीता सिंह सहित कई गणमान्य साहित्यकारों ने सुंदर काव्यपाठ प्रस्तुत कर कृति की साहित्यिक गुणवत्ता की तारीफ की।
​कार्यक्रम में रचनाकार पंडित राम अवतार शर्मा तथा मुख्य अतिथि कृष्ण कुमार मिश्रा ‘चंचल’ को स्मृति-चिह्न व सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान वेद प्रकाश तिवारी, संदीप खंडेलवाल, प्रदीप विसरिया, विवेक तिवारी, ब्रज मुरारी सक्सेना, श्याम रंग त्रिगुणायत, अश्वनी शुक्ला, उमाशंकर शुक्ला, रामगोपाल कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम का अत्यंत प्रभावी और सफल संचालन प्रदीप मिश्र द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi