सितारगंज। सरकार जनता के द्वार अभियान के तहत उप जिला अस्पताल में तीन दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। पहले दिन करीब 871 लोगों ने शिविर का लाभ उठाया।
सीएमएस डॉ. कुलदीप यादव ने बताया कि सोमवार को आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 182 लोगों के रक्तचाप, 162 लोगों की मधुमेह, 93 लोगों की मुख कैंसर तथा 182 महिलाओं की स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। उन्होंने बताया कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के तहत करीब 19 गर्भवतियों की फॉलो-अप एएनसी जांच, 17 नई गर्भवतियों का पंजीकरण, 46 किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता संबंधी परामर्श और 17 एमसीपी कार्ड वितरित किए गए।
इधर, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 22 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। वहीं 9 पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान भारत कार्ड बनाए गए। प्रयोगशाला में 44 हीमोग्लोबिन, 91 लीवर फंक्शन टेस्ट, 91 किडनी फंक्शन टेस्ट और 67 लिपिड प्रोफाइल की जांच की गईं। साथ ही, 13 दिव्यांगजनों का दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाया गया।
शिविर में जनरल मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग, शिशु रोग, शल्य चिकित्सा और फिजियोथेरेपी सहित विभिन्न विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। मरीजों को एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, रक्त जांच, फिजियोथेरेपी और आवश्यक दवाएं भी नि:शुल्क दी गईं।