​दियोरिया कलाPILIBHIT। मुड़िया ता पसगवां गाँव में घर की छत पर लगे पंखे का खराब कंडेनशर बदलते समय 17 वर्षीय छात्र शिवम् गंभीर रूप से करंट की चपेट में आ गया। सुबह प्लास से कंडेन्सर कसते वक्त लगे तेज झटके के कारण वह लकड़ी की मेज से नीचे गिरकर बेहोश हो गया। हादसे के तुरंत बाद परिजन उसे कार से बीसलपुर-बरेली रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गाँव में शोक की लहर दौड़ गई है।
​मृतक शिवम् एजीएम इंटर कॉलेज बिहारीपुर हीरा में कक्षा 12 का छात्र था और पढ़ाई में बेहद होनहार था। तीन भाई-बहनों में सबसे छोटे शिवम् का सपना बड़ा अफसर बनने का था। पिता अनिल गंगवार (किसान) के अनुसार उसने हाईस्कूल की परीक्षा काफी अच्छे अंकों से पास की थी और इस बार इंटरमीडिएट में टॉप-10 में शामिल होने का लक्ष्य रखा था। घटना की सूचना पर एजीएम इंटर कॉलेज में शोक सभा का आयोजन कर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
​घटना की सूचना मिलने पर दियोरिया कलां पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुँचा और वैधानिक कार्रवाई शुरू की। थानाध्यक्ष गौतम सिंह ने बताया कि मुड़िया ता पसगवां में छात्र की करंट लगने से मौत की सूचना पर पुलिस टीम ने पहुँचकर शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है और मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi