पीलीभीत। नगर पालिका परिषद बीसलपुर द्वारा गबन के आरोप में निलंबित किए जाने और अधिकारियों के उत्पीड़न से तंग आकर आत्महत्या करने वाले उपेन्द्र शर्मा के शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने तथा घटना की जमीनी सच्चाई जानने के लिए समाजवादी पार्टी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल आगामी 25 जुलाई 2026 को बीसलपुर (पीलीभीत) का दौरा करेगा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल द्वारा जारी निर्देशानुसार, यह प्रतिनिधिमंडल मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की गहनता से जानकारी जुटाएगा और अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय को सौंपेगा।
इस आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह (जग्गा), सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ० राजपाल कश्यप, पूर्व एमएलसी शशांक यादव, पूर्व एमएलसी अमित यादव उर्फ रिंकू, पूर्व एमएलसी जयेश प्रसाद, पूर्व मंत्री फूल बाबू, पूर्व प्रत्याशी श्रीमती दिव्या गंगवार तथा विधानसभा अध्यक्ष शैलेश शर्मा को शामिल किया गया है।