मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसे में स्कूल बस की चपेट में आने से दो वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हादसा मानपुर ब्लॉक के खड़गांव थाना क्षेत्र के ग्राम घोटिया में हुआ।
पुलिस के अनुसार, फ्लॉवर वैली इंग्लिश मीडियम स्कूल की बस बच्चों को लेने के लिए गांव पहुंची थी। इसी दौरान बस की चपेट में आने से युवानसी नरेटी नामक दो वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने घोटिया-भर्रीटोला मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
पुलिस अधिकारी ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं, फरार बस चालक की तलाश और हादसे की जांच की जा रही है।