कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के करारी थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन विद्यालय की सीढ़ी की शटरिंग ढहने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसा बजहा खुर्रमपुर गांव स्थित डीएमडीपी हायर सेकेंडरी स्कूल में हुआ, जहां भवन निर्माण का काम चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय मजदूर प्रेमचंद सीढ़ी की शटरिंग खोल रहा था। इसी दौरान अचानक शटरिंग भरभराकर गिर गई और मजदूर मलबे में दब गया। हादसे के बाद साथी मजदूरों ने उसे बाहर निकाला और अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।