अमरिया PILIBHIT। थाना क्षेत्र के ग्राम चठिया भैंसहा में खेत में पेड़ लगाने और रास्ते के विवाद को लेकर एक महिला के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़िता अल्पना गंगवार की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता का आरोप है कि खेत में पेड़ लगाने को लेकर उसके चचेरे ससुर नेमचंद और उनके बेटे राज उर्फ भूरा से उनका विवाद चल रहा है, जो अक्सर उनका रास्ता रोककर गाली-गलौज करते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं। इसके अलावा, महिला ने गांव के ही अमित पर भी रास्ते के विवाद में अभद्रता करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, 13 जुलाई की दोपहर करीब 3:00 बजे भी आरोपियों ने उनके और उनके पति के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।