पीलीभीत। बजाज हिंदुस्थान शुगर मिल बरखेड़ा परिसर में एक सनसनीखेज चोरी की वारदात सामने आने से हड़कंप मच गया है। चोरों ने मिल की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए वहां रहने वाले दो अधिकारियों के बंद आवासों को अपना निशाना बनाया और वहां से लाखों रुपये के कीमती आभूषण चोरी कर ले गए। मिल के सुरक्षा गार्डों की मौजूदगी के बावजूद इस तरह की बड़ी वारदात होने से मिल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
यह घटना तब प्रकाश में आई जब सोमवार सुबह एक सफाई कर्मचारी महिला अधिकारियों के आवास पर काम करने पहुंची। उसने देखा कि दोनों आवासों के ताले टूटे हुए हैं, जिसकी सूचना उसने तुरंत मिल प्रशासन को दी। बताया जा रहा है कि दोनों अधिकारी शनिवार से अपने आवासों से बाहर गए हुए थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना बरखेड़ा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मिल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके। हालांकि, अभी तक चोरी गए सामान का सटीक आकलन नहीं हो पाया है, लेकिन अधिकारियों के आवासों से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों के चोरी होने की प्रबल आशंका है। पुलिस ने मामले की सघन जांच शुरू कर दी है।