लखनऊ। राजधानी लखनऊ के सिविल कोर्ट परिसर को धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDS) और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे कोर्ट परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर के हर हिस्से की बारीकी से जांच की।
तलाशी अभियान के दौरान मध्यस्थता केंद्र, अभिलेखागार और कोर्ट परिसर में खड़े सभी वाहनों की गहन जांच की गई। कई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन में कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। जांच के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने कोर्ट परिसर को पूरी तरह सुरक्षित घोषित कर दिया।
घटना के बाद थाना वजीरगंज पुलिस ने कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए एहतियात के तौर पर सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

पुलिस अब धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी की पहचान होते ही उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।