गुवाहाटी। असम में सियासी पारा गरमा गया है। असम कैबिनेट ने कांग्रेस के तीन सबसे वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ पुलिस को प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने का कड़ा निर्देश दिया है। यह कार्रवाई एक सार्वजनिक रैली के दौरान महिलाओं के प्रति कथित तौर पर ‘आपत्तिजनक और अपमानजनक इशारे’ करने के मामले में की गई है।
इन नेताओं पर गिरेगी गाज:
राज्य सरकार के निशाने पर आए नेताओं में असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (APCC) के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया और वरिष्ठ नेत्री मीरा बोरठाकुर शामिल हैं।
कैबिनेट का तर्क:
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, कैबिनेट ने माना कि सार्वजनिक जीवन में बैठे व्यक्तियों द्वारा महिलाओं के प्रति ऐसा आचरण स्वीकार्य नहीं है। सरकार ने इसे महिलाओं की गरिमा और सम्मान के उल्लंघन का गंभीर मामला मानते हुए पुलिस प्रशासन को तत्काल जांच शुरू करने को कहा है।
सियासी हलचल:
इस आदेश के बाद असम की राजनीति में उबाल आ गया है। जहाँ सत्ता पक्ष इसे ‘महिला सम्मान’ से जोड़ रहा है, वहीं कांग्रेस इसे आगामी चुनावों से पहले ‘राजनीतिक प्रतिशोध’ की कार्रवाई बता रही है।