रुद्रपुर। उधम सिंह नगर के जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में उप प्रधान ग्राम पंचायतों के रिक्त पदों पर सामान्य निर्वाचन संपन्न कराने हेतु राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा विस्तृत समय सारणी (शेड्यूल) निर्धारित कर दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी गाइडलाइंस के अनुसार, इस चुनावी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण प्रशासनिक और वैधानिक कार्रवाइयां निर्धारित समय के भीतर ही पूरी की जाएंगी।

जारी समय सारणी के अनुसार, आगामी 15 जुलाई 2026 को पूर्वान्ह 10:00 बजे से 11:00 बजे तक नाम निर्देशन (नामांकन) पत्र जमा किए जाएंगे। इसके तत्काल बाद सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक नामांकन पत्रों की बारीकी से जांच होगी। दोपहर 12:00 बजे से 12:30 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया चलेगी, जिसके बाद दोपहर 12:30 बजे से 1:00 बजे तक उम्मीदवारों को निर्वाचन चिन्ह आवंटित कर दिए जाएंगे। इसी दिन अपराह्न 1:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक मतदान (वोटिंग) कराया जाएगा तथा अपराह्न 4:00 बजे से कार्य समाप्ति तक मतगणना (काउंटिंग) कर चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि नामांकन पत्रों की बिक्री आज 8 जुलाई से शुरू होकर 14 जुलाई 2026 तक पूर्वान्ह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संबंधित क्षेत्र पंचायत मुख्यालय (ब्लॉक) पर की जाएगी। इसके बाद जो लोग फार्म नहीं ले पाएंगे, उनके लिए 15 जुलाई को पूर्वान्ह 8:00 बजे से 9:30 बजे तक संबंधित ग्राम पंचायत में निर्दिष्ट स्थान पर भी पर्चे उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि नामांकन पत्रों को दाखिल करने, जांच करने, नाम वापसी, चुनाव चिन्ह आवंटन, मतदान, मतगणना एवं परिणाम की घोषणा आदि की सभी महत्वपूर्ण कार्रवाइयां संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर ही तैनात निर्वाचन अधिकारी द्वारा नियमानुसार संपन्न कराई जाएंगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi