रुद्रपुर/पुलभट्टा (उधम सिंह नगर)। थाना पुलभट्टा पुलिस ने क्षेत्र में गश्त और चेकिंग अभियान के दौरान एक शातिर संदिग्ध को अवैध हथियार और कारतूस के साथ दबोचने में सफलता हासिल की है। आरोपी राहगीरों और मजदूरों को हथियार का डर दिखाकर शराब पीने के लिए जबरन पैसे वसूल करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

पुलिस को देखकर भागने की कोशिश
जानकारी के अनुसार, पुलभट्टा थाने की चौकी प्रभारी बरा दिनेश भट्ट, पुलिस कर्मी प्रताप नेगी और अनिल कुमार के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था व संदिग्धों की चेकिंग के लिए गश्त पर थे। टीम जब ग्राम शहदौरा से होते हुए शक्तिफार्म रोड पर घेरा फार्म को जाने वाले कच्चे रास्ते की ओर बढ़ रही थी, तभी वहां एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में बैठा दिखाई दिया। पुलिस ने जब उससे वहां रुकने का कारण पूछा, तो वह घबरा गया और भागने का प्रयास करने लगा। मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे कुछ ही दूरी पर दबोच लिया।

तलाशी में मिला तमंचा और कारतूस
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान अमरीक सिंह उर्फ विक्की निवासी जीरोबन्दा शहदौरा, थाना पुलभट्टा के रूप में हुई है। जब पुलिस ने उसकी जामा तलाशी ली, तो उसके पास से एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। हथियार मिलते ही पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया।

मजदूरों से करता था अवैध वसूली
पुलिस पूछताछ में आरोपी अमरीक सिंह ने बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने कुबूल किया कि वह इस अवैध तमंचे का इस्तेमाल क्षेत्र से गुजरने वाले सीधे-साधे मजदूरों और राहगीरों को डराने के लिए करता था। वह राह चलते लोगों को हथियार दिखाकर डराता-धमकाता था और अपनी कच्ची शराब पीने के शौक को पूरा करने के लिए उनसे अवैध रूप से पैसे वसूलता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi