रुद्रपुर (उधम सिंह नगर)। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर गढ़ा कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।

छत पर सोता रहा परिवार, नीचे चोरों ने साफ किया हाथ
मिली जानकारी के मुताबिक, शास्त्री नगर निवासी पीड़ित राजपाल शनिवार की रात को गर्मी के कारण अपने पूरे परिवार के साथ घर की छत पर सो रहे थे। घर को खाली पाकर चोरों ने पीछे बने खाली मैदान की तरफ से मकान को निशाना बनाया। चोरों ने कमरे की खिड़की की ग्रिल काटी और बेहद चालाकी से अंदर दाखिल हो गए।

लाखों की चोरी के साथ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी उड़ाए
कमरे में घुसने के बाद चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 12,820 रुपये नकद, चांदी के बिछुए, चांदी के हथफूल, दो जोड़ी पायल, सोने का हार और सोने की कान की बालियां समेट लीं। जेवरात और नकदी के अलावा चोर घर में रखा मोबाइल फोन और परिवार के कई महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज भी अपने साथ ले उड़े।

सुबह बेटी ने बिखरा सामान देखा तो खुला राज
वारदात का पता रविवार सुबह करीब 5 बजे चला, जब राजपाल की बेटी मुस्कान किसी काम से नीचे कमरे में आई। कमरे का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए; खिड़की कटी हुई थी और अलमारी का सारा सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था। मुस्कान के शोर मचाने पर छत से परिजन नीचे भागे, जिसके बाद चोरी की इस बड़ी घटना का खुलासा हुआ।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली ट्रांजिट कैंप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। पीड़ित परिवार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस को लिखित तहरीर सौंप दी है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि संदिग्धों की पहचान कर चोरों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 Adhunik Duniya | Owned by Akash Singh | Maintained by Lalit Rastogi