रुद्रपुर। किच्छा के महराया लालपुर रोड पर युवक विक्रांत की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घटना के महज 12 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें धाधा फार्म क्षेत्र से दबोच लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि 25 जून को 6-7 बदमाशों ने विक्रांत पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। गंभीर रूप से घायल विक्रांत की इलाज के दौरान सुशीला तिवारी अस्पताल में मौत हो गई। मृतक की मां कंचन की तहरीर पर बंटी ठाकुर समेत छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। विक्रांत की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा भी जोड़ दी गई है।

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि विक्रांत के साथ लंबे समय से सोशल मीडिया पर विवाद और बयानबाजी चल रही थी। इसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। मुख्य आरोपी बंटी ठाकुर फिलहाल घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वरुण कुमार निवासी रामेश्वरपुर, किच्छा और सुशील निवासी शिमला पिस्तौर, रुद्रपुर के रूप में हुई है। दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

इधर, विक्रांत की हत्या से आक्रोशित समर्थकों ने रुद्रपुर के डीडी चौक पर प्रदर्शन कर आरोपियों की गिरफ्तारी और एनकाउंटर की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि कुछ आरोपी अभी भी फरार हैं और सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दहशत फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष कार्रवाई और सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

वहीं, रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और भरोसा दिलाया कि हत्या में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर परिवार को न्याय दिलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi