​पीलीभीत। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष धर्मपाल सिंह के निर्देश पर आज विकासखंड मरोरी के पदाधिकारियों ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के माध्यम से जिलाधिकारी को दो सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। मरोरी ब्लॉक अध्यक्ष राजेश बाबू, ब्लॉक मंत्री परमात्मा स्वरूप वर्मा और ब्लॉक कोषाध्यक्ष जितेंद्र कुमार कश्यप के नेतृत्व में दर्जनों सफाई कर्मचारियों ने ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शन कर अपनी 16 वर्ष की सेवा पूरी होने के बाद भी द्वितीय ए.सी.पी. (एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन) का लाभ न मिलने और वेतन विसंगति को दूर करने की जोरदार मांग उठाई।
​सौपे गए ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि पंचायती राज विभाग में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति नवंबर 2009 में हुई थी और नवंबर 2025 में उनकी सेवा के 16 वर्ष पूरे हो चुके हैं। नियमानुसार 16 वर्ष की सेवा पर मिलने वाला द्वितीय ए.सी.पी. का लाभ उन्हें अब तक नहीं दिया गया है। संगठन द्वारा इस संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) और मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) से कई बार पत्राचार कर अनुरोध किया गया, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। समय पर लाभ न मिलने के कारण कर्मचारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिससे उनमें गहरा रोष है।
​इसके साथ ही कर्मचारियों ने वेतन विसंगति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि उनकी प्रथम वेतन वृद्धि नियमानुसार जुलाई 2010 में होनी चाहिए थी, लेकिन इसे जनवरी 2011 में लागू किया गया। इसके परिणामस्वरूप पीलीभीत जनपद के ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को प्रदेश के अन्य जनपदों की तुलना में एक वेतन वृद्धि कम मिल रही है। साथ ही 7वें वेतन आयोग के अंतर्गत स्वीकृत पे-बैण्ड से कम पर उनका वेतन निर्धारण किया गया है, जिससे उनका फिक्सेशन प्रभावित हुआ है। संगठन ने मांग की है कि इस वेतन विसंगति को दूर कर दोबारा सही फिक्सेशन कराया जाए।
​ज्ञापन सौंपते समय सहायक विकास अधिकारी (एडीओ पंचायत) मेहरबान सिंह राणा के साथ-साथ ब्लॉक संगठन मंत्री वीरेंद्र बाबू, ब्लॉक संप्रेक्षक हरवंश कुमार, जिला संप्रेक्षक माजिद अली, जिला सलाहकार राम निवास, जिला उपाध्यक्ष अमित कश्यप, हरीश कुमार, राम अवतार सोनकर, केंद्रपाल, धर्मवीर और भागवत सहित मरोरी विकासखंड के तमाम सफाई कर्मचारी और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi