अमरिया PILIBHIT। अमरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नहर पुल से एक अज्ञात युवक द्वारा अचानक नहर में छलांग लगा देने से सनसनी फैल गई। घटना के समय पुल के आसपास मौजूद लोग तुरंत युवक की जान बचाने के लिए नहर में उतरे और काफी कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते युवक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। स्थानीय लोगों द्वारा तत्काल इस दुखद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक सामान्य रूप से पुल पर आया और उसने अपनी शर्ट उतार कर पुल की रेलिंग पर रख दी। इससे पहले कि वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते या उसे रोकते, उसने अचानक नहर के तेज बहाव में छलांग लगा दी। ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए पानी में उतरकर उसे खोजने का काफी प्रयास किया, लेकिन पानी गहरा होने के कारण उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका।
​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों को काम पर लगाया। नहर में पानी का जलस्तर अधिक होने की वजह से रेस्क्यू टीम को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और काफी खोजबीन के बाद भी अभी तक सफलता नहीं मिल पाई है।

थाना प्रभारी अमित सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि एक अज्ञात युवक के नहर में डूबने की सूचना पर पुलिस लगातार गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चला रही है। उन्होंने कहा कि युवक का शव बरामद होने के बाद ही उसकी शिनाख्त हो सकेगी कि वह कहां का रहने वाला था और उसने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi