नई दिल्ली। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में विभिन्न स्थानों पर भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। केंद्रीय मंत्रियों, विभिन्न संगठनों और जानी-मानी हस्तियों ने योग सत्रों में भाग लेकर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने शांति पथ पर आयोजित योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि योग किसी एक देश तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि मानवता के कल्याण के लिए पूरी दुनिया द्वारा अपनाया जाने वाला जीवन अभ्यास बनना चाहिए।

केंद्रीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित योग सत्र में भाग लिया। कार्यक्रम में भारत में नॉर्वे की राजदूत मे-एलिन स्टेनर भी मौजूद रहीं।

वहीं, केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित योग समारोह में भाग लिया। अभिनेता अक्षय कुमार भी योग सत्र में शामिल हुए और लोगों को नियमित योग अपनाने का संदेश दिया।

उधर, ब्रह्मा कुमारी संगठन की ओर से लाल किले पर आयोजित योग कार्यक्रम में लगभग 20 हजार लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया। कार्यक्रमों में योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और जन-जन तक योग का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *