रुद्रपुर। न्यूजीलैंड भेजने के नाम पर एक व्यक्ति से सात लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पंचवटी विलास निवासी कुलजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने भूरारानी रोड स्थित ईआईएफएस प्रा. लि. के माध्यम से न्यूजीलैंड जाने के लिए आवेदन किया था। इसके लिए उन्होंने अपनी फाइल लवीश महाजन स्वामी को सौंपी थी।

शिकायत के अनुसार, विदेश भेजने के लिए उन्होंने 7 जुलाई 2024 को 4.50 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए, जबकि 2.50 लाख रुपये नकद दिए। आरोप है कि पूरी रकम लेने के बाद आरोपी ने छह माह के भीतर न्यूजीलैंड भेजने का आश्वासन दिया था।

पीड़ित का कहना है कि तय समय बीत जाने के बावजूद उसे न्यूजीलैंड जाने से संबंधित कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। कई बार संपर्क करने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आरोप है कि विदेश भेजने के नाम पर उसके साथ सात लाख रुपये की ठगी की गई।

कुलजीत सिंह ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि घटना के कारण वह मानसिक रूप से परेशान हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *