पीलीभीत। पीलीभीत पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जहानाबाद थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस और सर्विलांस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए, ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने वाली एक नर्सिंग छात्रा को उकसाने के आरोपी चेतराम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया पोको कंपनी का एक मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। इस शातिर अभियुक्त के खिलाफ पहले भी जहानाबाद थाने में चोरी और माल बरामदगी का मुकदमा दर्ज है।
धार्मिक आयोजनों और टोटकों के जाल में फंसाया
विवेचना और साक्ष्य संकलन के दौरान यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि आरोपी चेतराम बेहद शातिर किस्म का व्यक्ति है। वह धार्मिक आयोजनों, पूजा-पाठ और झाड़-फूंक या टोटकों के जरिए महिलाओं व लड़कियों को अपनी ओर आकर्षित करता था। इसी सिलसिले में करीब दो वर्ष पूर्व कांवड़ यात्रा के दौरान उसका संपर्क बरेली से नर्सिंग का कोर्स कर रही 20 वर्षीय दयन्ती गंगवार उर्फ रानी से हुआ था। धीरे-धीरे दयन्ती का उसके घर आना-जाना और रुकना शुरू हो गया, जिससे दोनों के बीच नजदीकियां काफी बढ़ गईं। इस अवैध संबंध की वजह से चेतराम की विवाहित पत्नी के साथ उसका आए दिन घरेलू क्लेश होने लगा था।
शादी का दबाव बनाने पर किया प्रताड़ित
जब गांव में दोनों के संबंधों की चर्चा आम हो गई, तो मृतका दयन्ती ने चेतराम पर शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। शातिर चेतराम ने दयन्ती को भावनात्मक रूप से अपने जाल में फंसा रखा था। शादी की बात को लेकर दोनों के बीच फोन पर और सीधे तौर पर तीखी बहस व विवाद होने लगा। आरोपी द्वारा किए जा रहे मानसिक उत्पीड़न और लगातार होने वाले विवादों से क्षुब्ध होकर दयन्ती ने आखिरकार 31 मई 2026 को शाही स्टेशन के पास बरेली की तरफ जाने वाली ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
पिता की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा
घटना के बाद मृतका के पिता धर्मपाल ने 2 जून 2026 को थाना जहानाबाद में आरोपी चेतराम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस टीम ने सर्विलांस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में जहानाबाद थाना के प्रभारी निरीक्षक जयशंकर सिंह, उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह और हेड कांस्टेबल राजीव कुमार शामिल रहे।