पीलीभीत। पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत गजरौला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देशानुसार जनपद में अपराध की रोकथाम और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक अभियुक्त को अवैध असलहे के साथ दबोच लिया।
यह गिरफ्तारी 17 जून को हुई, जब थाना गजरौला पुलिस की टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने ग्राम दियूनी बहादुरगंज के निकट, सरकारी आयुर्वेदिक जंगल के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान नरेन्द्र पुत्र ओमप्रकाश, निवासी ग्राम जमुनिया बंजरिया, थाना गजरौला, जनपद पीलीभीत के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा ली गई जामा तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा .12 बोर तथा एक अदद जिन्दा कारतूस .12 बोर बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार पकड़े गए अभियुक्त नरेन्द्र का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसके खिलाफ पहले से ही दहेज हत्या जैसी गंभीर धाराओं (मु0अ0सं0 160/2023 धारा 304-B, 498-A भादवि व 3/4 डी.पी. एक्ट) के तहत मामला दर्ज है।
इस अवैध बरामदगी के संबंध में थाना गजरौला में अभियुक्त के खिलाफ मु0अ0सं0 174/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूरी करने के बाद अभियुक्त को जेल भेज दिया है। इस कामयाबी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक (उ0नि0) सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार सिंह तथा कांस्टेबल मोन्टू शामिल रहे।